इतने साल के इस प्लेयर ने मैदान पर काटा गदर
हरारे में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच शुक्रवार को सीरीज का दूसरा वनडे खेला गया। 24 वर्ष के एक खिलाड़ी ने ऐसा गदर काटा कि आयरलैंड ने 59 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर ली। हालांकि खुशी आयरलैंड के साथ-साथ गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के फैंस को भी हुई। इसकी वजह है बाएं हाथ के मीडियम पेसर जोश लिटिल (Josh Little)। इंडियन प्रीमियर लीग में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। कमाल है कि गुजरात टीम ने उन्हें अगले सीजन के ऑक्शन (IPL Auction) से पहले रीटेन भी कर लिया है।
आयरलैंड की बहुत बढ़िया जीत
हरारे में आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच सीरीज का दूसरा वनडे शुक्रवार को खेला गया। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। टीम हालांकि जोश लिटिल के सामने पस्त हो गई। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज महज 42.5 ओवर खेल पाए और टीम 166 रन पर ऑलआउट हो गई। लिटिल ने 10 ओवर में सिर्फ़ 36 रन देकर 6 विकेट झटके। बाद में आयरलैंड ने 40.1 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को उतरे कर्टिस कैम्फर ने सबसे अधिक 66 रन जोड़े। उन्होंने 71 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके जड़े। लिटिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंटरनेशनल करियर का बेस्ट
जोश लिटिल ने ना केवल अपने वनडे फॉर्मेट का बल्कि अंतर्राष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। उन्होंने अभी तक 36 वनडे और 63 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 56 और टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 72 विकेट हैं। वह पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए खेले और अपने डेब्यू सीजन में काफी प्रभावित किया। उन्होंने 10 मैचों में 7 विकेट लिए थे। यही वजह भी रही कि गुजरात ने उन्हें रीटेन करने का निर्णय किया।
टी20 के बाद वनडे जीतने पर नजरें
आयरलैंड की प्रयास टी20 के बाद वनडे सीरीज जीतने की है। बता दें कि पहला वनडे मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच 17 दिसंबर को हरारे के मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले 3 मैचों की टी20 सीरीज में आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को 2-1 से मात दी।

