क्रिकेट टूर्नामेंट में जमकर चली गोलियां, जखमी हुए मुखिया प्रतिनिधि सहित अन्य तीन लोग
पटना में बाइक सवार अपराधियों ने क्रिकेट टूर्नामेंट के समाप्ति कार्यक्रम के दौरान फायरिंग कर दी. इस दौरान सैदाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अंजनी सिंह समेत तीन लोग घायल हो गए.

घटना रानीतालाब थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार की देर रात कुशवाहा कनपा गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मुख्य मेहमान के रूप में अंजनी सिंह पहुंचे थे. पुरस्कार वितरण के दौरान दो बाइक पर सवार चार क्रिमिनल पहुंचे. उन्होंने अंजनी सिंह पर फायरिंग की. सिंह के पैर और जांघ में तीन-चार गोलियां लगीं. भागते समय अपराधियों ने दो दर्शकों को भी गोली मार दी. घायल दर्शकों की पहचान राजा कुमार और धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है.
खोखा, मैगजीन और बाइक बरामद
घायल अंजनी सिंह को पहले बिक्रम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बिहटा के निजी हॉस्पिटल ले जाया गया. बाद में उन्हें पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. अन्य दो घायलों को पटना AIIMS में भर्ती कराया गया है. क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक क्रिमिनल फरार हो चुके थे. मौके से 6 खोखा, एक मैगजीन और एक बाइक बरामद की गई है. पुलिस मुद्दे की जांच कर रही है.
पुलिस से सुरक्षा की लगाई थी गुहार
दरअसल, मुखिया प्रतिनिधि अंजनी सिंह दो बार से मुखिया का चुनाव लड़े थे. पिछली बार पंचायत चुनाव में अपनी पत्नी ममता देवी को सैदाबाद पंचायत से मुखिया के पद पर उताया था. इस दौरान उन्हें जीत मिली थी.
हालांकि पिछले एक माह से उनकी जान काे खतरा था और उन्होंने इसकी जानकारी क्षेत्रीय पुलिस स्टेशन और DSP-2 को लिखित आवेदन में दिया था. सुरक्षा को लेकर वह गुहार भी लगा रहे थे, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया. वहीं देर रात पुलिस स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर ही घटना हुई.
अपराधियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस : थानाध्यक्ष
घटना को लेकर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा कि कुशवाहा कनपा गांव में बीते रात नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान मुख्य प्रतिनिधि अंजनी सिंह और दो लोगों को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारी है. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पहुंची जहां तीनों को घायल हालत में विक्रम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से पहले उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना स्थल से पुलिस ने क्रिमिनल के एक बाइक एक मैगजीन और 6 गोली का खोखा बरामद किया है. फिलहाल पुलिस क्रिमिनल गिरफ्तारी में पुलिस की टीम लगी हुई है.

