वकार यूनिस ने विराट कोहली के बल्लेबाजी की तारीफ
नई दिल्ली। पाक के महान तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने विराट कोहली के और अधिक शतक बनाने की पैरवी की है। यूनिस को लगता है कि भारतीय स्टार बल्लेबाज अभी अपना क्रिकेट करियर समाप्त करने से काफी दूर हैं। कोहली ने एक बार फिर से पाक के विरुद्ध एशिया कप 2023 के सुपर 4 मुकाबले में अपना जलवा बिखेरा। 34 वर्ष के विराट ने बहुत बढ़िया शतक जड़ा और कई नए रिकॉर्ड अपने नाम किए। यह विराट की 47वीं वनडे सेंचुरी रही। इसी के साथ विराट के 13000 इंटरनेशनल रन भी पूरे हुए।
यह कोहली की एक और मास्टरक्लास पारी रही, क्योंकि उन्होंने अपने आलोचकों को चुप करा दिया। बता दें कि पाक के विरुद्ध ग्रुप-स्टेज मुकाबले में विराट के खराब प्रदर्शन के बाद उनके फॉर्म पर प्रश्न उठाए गए थे। कोहली ने अब 47 वनडे शतक जड़ दिए हैं और वह महान सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों की बराबरी करने से केवल दो शतक दूर हैं।
वकार यूनिस ने विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के बीच अंतर के बारे में बात की और बोला कि 34 वर्षीय खिलाड़ी अपने करियर का अंत कई और शतकों के साथ करेगा। वकार यूनिस ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ”उनमें और अन्य खिलाड़ियों, यहां तक कि सचिन तेंदुलकर के बीच भी अंतर है। सचिन तेंदुलकर का करियर जब समाप्त हुआ तो उनके नाम 49 शतक (वनडे) थे। मैं आपसे वादा कर सकता हूं कि विराट अभी अपना करियर समाप्त करने या क्रिकेट समाप्त करने से काफी दूर हैं। जितना कोई सोच नही सकता, वह उससे कहीं अधिक (शतक) बनाएंगे।”
वकार ने आगे बोला कि उन्हें राहुल के लिए दुख है, जो चोट के बाद वापसी कर रहे थे। उन्हें काफी दौड़ना पड़ा, क्योंकि जब कोहली पिच पर होते हैं तो कोई रन नहीं चूकते।
वकार ने आगे कहा, ”मुझे केएल राहुल के लिए दुख हुआ, क्योंकि वह चोट से अभी उबरे थे और उन्हें विराट कोहली के साथ दौड़ना पड़ा। वह क्रेजी की तरह दौड़ते हैं। वह एक सिंगल भी नहीं छोड़ते। वह कोई भी अतिरिक्त रन नहीं चूकते, क्योंकि वह बेस्ट चाहते हैं। वह जो कुछ भी करते हैं, उसमें बेस्ट होना चाहते हैं, चाहे बल्लेबाजी हो, फील्डिंग हो या विकेटों के बीच दौड़ हो। और वह स्वयं से जो प्यार करते हैं, वह है फिटनेस पर उनका काम।”
।

