अंतरराज्यीय गैंग के 9 गुर्गों को किया गया गिरफ्तार
गोरखपुर पुलिस ने रेडी अन्ना पोर्टल पर औनलाइन गेम के जरिए सट्टेबाजी कराने वाले अंतरराज्यीय गैंग के 9 गुर्गों को अरैस्ट कर लिया. इनमें छह देवरिया और दो बिहार के हैं. मुखिया अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है, उसकी तलाश की जा रही है.

यह गैंग शाहपुर क्षेत्र के के रामजानकी नगर में गैरकानूनी ढंग से रेडी अन्ना पोर्टल पर औनलाइन गेम के जरिए सट्टेबाजी कराता था. गैंग के गुर्गे न केवल गैरकानूनी ढंग से मनी म्यूल बैंक खातों में लोगों से सट्टा में रुपये लगवाते थे, बल्कि उसकी उसी दिन निकासी भी करवा लेते थे. यह गैंग एक दिन में 10 से 12 लाख रुपये तक की जालसाजी करता था.
यह हुई बरामदगी आरोपियों के पास से पुलिस ने 29 मोबाइल फोन, दो लैपटाॅप, चार टैबलेट, नौ एटीएम कार्ड, आठ आधार कार्ड, पांच पैन कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड, दो बैंक चेकबुक, आठ रजिस्टर और अन्य सामान बरामद किए हैं.
पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार
- रोहित प्रसाद पुत्र मदन प्रसाद निवासी प्रतापपुर रामपुर, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- गुड्डू शर्मा पुत्र अनिरुद्ध शर्मा निवासी रामपुर प्रतापपुर, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- रंजेश यादव पुत्र नंदलाल यादव निवासी रामपुर प्रतापपुर, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- अमित शर्मा पुत्र रंगलाल शर्मा निवासी ठाकुरपुर छपरा बुजुर्ग, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- अभय कुमार यादव पुत्र मुन्नीलाल यादव निवासी ठाकुरपुर छपरा बुजुर्ग, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- संजीत कुमार खरवार पुत्र गंभीरा खरवार निवासी बैकुंठपुर प्रतापपुर, थाना श्रीरामपुर, देवरिया
- चन्दन कुशवाहा पुत्र स्व। विजय मल्ल भगत निवासी बेलाव, थाना दरौल्ली जनपद सिवान, बिहार
- प्रिंस कुमार पुत्र स्व। न्यायालय सिंह निवासी सिसवा खुर्द, थाना मैरवा सिवान, बिहार
फ्रेंचाइजी लेकर पोर्टल चला रहा था गैंग सीओ गोरखनाथ योगेंद्र सिंह ने कहा कि शहर में गैरकानूनी ढंग से रेडी अन्ना नामक औनलाइन गेमिंग पोर्टल चलने की सूचना मिली थी. जानकारी हुई कि इस पोर्टल की फ्रेंचाइजी लेकर रैकेट शाहपुर के रामजानकी नगर में अपना अड्डा बनाया है.
गेम खेलने के लिए यह युवकों को झांसे में लेते थे. यही नहीं, म्यूल बैंक खातों के माध्यम से प्रतिदिन पैसे की निकासी करते हुए रेडी अन्ना ग्रुप तक पहुंचाते थे. इसके बदले उन्हें भी अच्छा-खासा कमीशन मिलता था.
ऑनलाइन गेमिंग में लगवाते थे सट्टा उन्होंने बताया, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद शाहपुर इंस्पेक्टर नीरज राय और उनकी टीम ने साइबर टीम के साथ मिलकर छापा मारा. इसमें रैकेट के 8 गुर्गों को दबोच लिया. देवरिया का रहने वाला गैंग का मुखिया फरार हो गया है. उसकी तलाश की जा रही है.
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कहा कि उनके द्वारा रेडी अन्ना नाम की वेबसाइट/पोर्टल से औनलाइन गेमिंग में सट्टा लगाने के लिए पैसे का लेन-देन किया जाता था. उन्होंने इसका पैनल खरीदकर एक ब्रांच के रूप में अपना कार्यालय शाहपुर के रामजानकी नगर में खोला था.
फर्जी खाते भी खुलवाता था गैंग सट्टे के पैसे को निकालने के लिए उनके द्वारा लोगों को बहला-फुसलाकर म्यूल/फर्जी खाते खुलवाए गए थे. उनमें पैसों का लेन-देन करते थे. एक दिन में 10-12 लाख रुपये का लेन-देन किया जाता था. पैसे आने पर आपस में बांट लिया जाता है. पुलिस रैकेट के मुखिया समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

