रामलीला महोत्सव में राम बारात की रौनक से चमका इलाका, कासगंज में निकली भव्य शोभायात्रा
कासगंज के कस्बा गंजडुंडवारा मे रामलीला महोत्सव के भीतर गुरुवार देर रात्रि भगवान श्रीराम की भव्य बारात श्रद्धा, आस्था और उत्साह के वातावरण में निकाली गई.

पंचायती बाग से प्रभु श्रीराम की वकायदा पूजा-अर्चना के साथ बारात का शुरुआत हुआ. जैसे ही भगवान श्रीराम की सजीव झांकी नगर में निकली, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और जगह-जगह बारात का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया.
बारात पंचायती बाग से रवाना होकर टीन बाजार स्थित सजाई गई अवधपुरी पहुँची. यहाँ रामलीला कमेटी के अध्यक्ष हरिनंदन शाक्य और महामंत्री रवि कुमार शाक्य ने बारात का भव्य स्वागत किया.
इसके अतिरिक्त कस्बे के राजाराम चौराहे पर बनाई गई जनकपुरी में भी रामबारात का कमेटी के अध्यक्ष अंकित भूषण और महामंत्री स्कंद महाजन और कोषाध्यक्ष रिंकू वर्मा ने बारात का बड़े धूमधाम से अभिनंदन किया.
आकर्षक झांकियों और प्रस्तुतियों ने मोहा मन
राम बारात में पारंपरिक झांकियों के साथ आधुनिक परिप्रेक्ष्य को दर्शाती झांकियां भी देखने को मिलीं. इस दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की सजीव झांकी, बुलडोजर बाबा, ऑपरेशन सिंदूर,सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेश देने वाली अन्य तीन दर्जन से अधिक सुन्दर झांकियां, बैंड-बाजे, रोड शो और काली मंडलों के मनोहारी प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. बारात के दौरान नगर की गलियां, मार्ग और चौक श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे.
पाँच निर्धन कन्याओं का कराया विवाह
कस्बे के राजाराम चौराहे पर जनकपुरी कमेटी ने इस अवसर पर सामाजिक समरसता और लोककल्याण की अनूठी मिसाल पेश की. कमेटी द्वारा पाँच निर्धन कन्याओं का शादी संपूर्ण दान-दहेज एवं विधिविधान के साथ संपन्न कराया गया. इस पहल की नगर में खूब सराहना हुई.
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
स्थानीय लोगों ने कहा, “हर वर्ष की तरह इस बार भी राम बारात बहुत बढ़िया रही. झांकियों में नया प्रयोग देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान खींचा.” वही “पाँच कन्याओं के शादी कराना इस आयोजन की सबसे सुंदर पहल है, इसे हर वर्ष जारी रहना चाहिए.”
राम बारात थाना रोड होते हुए पुनः पंचायती बाग पहुंची जहाँ समाप्ति हुआ. समाप्ति अवसर पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की जय-जयकार की और झांकियों पर पुष्पवर्षा कर इस अद्भुत सांस्कृतिक आयोजन को यादगार बना दिया.

