ये बड़ी मुहिम छेड़ रहा है अटल आवासीय विद्यालय
अलीगढ़। यूपी के हाथरस जिले के निर्माण मजदूरों के बच्चों को अब अलीगढ़ के अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ने का मौका मिलेगा। विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। इसमें कक्षा 6 और 9 में प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। चलिए आपको बताते हैं कि निर्माण मजदूरों के बच्चे अटल आवासीय विद्यालय मे कैसे प्रवेश ले सकते हैं।

इतने स्टूडेंट्स को मिलेगा एडमिशन
दरअसल यूपी भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में दर्ज़ निर्माण मजदूरों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अलीगढ़ में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कुछ वर्ष पहले कराया गया है। करीब एक हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। इसके अनुसार कक्षा छह और कक्षा नौ में 140-140 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
ऐसे होगा चयन
अटल आवासीय विद्यालय मे प्रवेश के लिए पांच फरवरी तक आवेदन लिए जाएंगे। दो मार्च 2024 को प्रवेश परीक्षा का विद्यालय में आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को इस विद्यालय में प्रवेश दिए जाएंगे। इस अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 12 तक की शिक्षा पूरी तरह से मुफ़्त होगी। आवेदन के लिए शहर के श्रम प्रवर्तन कार्यालय, प्रोबेशन कार्यालय, बीएसए कार्यालय और डीआईओएस कार्यालय में आवेदन किए जा सकते हैं।
इनको मिलेगा लाभ
इस बारे में जानकारी देते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद आजम ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय में निर्माण मजदूरों के साथ कोविड-19 में निराश्रित हुए बच्चों के साथ ही सीएम बाल सेवा योजना सामान्य के लिए पात्र विद्यार्थियों द्वारा भी आवेदन किए जा सकते हैं। हाथरस जिले में दर्ज़ निर्माण मजदूर अपने बच्चों के अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए विभाग के कार्यालय सहित अन्य कई स्थान आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए श्रम प्रवर्तन कार्यालय के अतिरिक्त अन्य जगहों पर फाॅर्म मौजूद कराए जा रहे हैं ताकि मजदूरों के बच्चे सरलता से आवेदन कर सकें।

