सीएम योगी ने उपचुनाव की तैयारियों को लेकर मंत्रियों के साथ की बैठक
लखनऊ. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 10 सीटों पर उपचुनाव को लेकर कमर कस ली है. मुख्यमंत्री योगी ने उपचुनाव की तैयारियों को लेकर मंत्रियों के साथ बैठक की है. गवर्नमेंट की तरफ से हर एक विधानसभा सीट के लिए 3-3 मंत्रियों और संगठन के एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है कि वह उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर पार्टी की जीत के लिए काम करें.
हालांकि इस बैठक में दोनों डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक शामिल नहीं हुए है. जानकारी के अनुसार दोनों उपमुख्यमंत्री को इसलिए नहीं बुलाया गया है, क्योंकि उनको किसी भी विधानसभा सीट की जिम्मेदारी फिलहाल नहीं सौंपी गई है.
भूपेंद्र सिंह चौधरी और धर्मपाल सिंह अपनी-अपनी बैठकें पहले ही कर चुके हैं. अब आज सीएम की यह बैठक अपने आप में बताती है कि भाजपा यूपी में होने वाले 10 सीटों के उपचुनाव को लेकर कितनी गंभीर है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजे भाजपा की अपेक्षानुसार नहीं रहे, वहीं इसी महीने 7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसके नतीजे भी भाजपा की टेंशन बढ़ा रहे हैं। ऐसे में भाजपा और सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते.
उत्तर प्रदेश की जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें से 5 सीट पर सपा का कब्जा था, बाकी की 5 सीटें बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के पास थीं। यानी मुकाबला बराबरी का होना चाहिए, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद समीकरण बदल चुके हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा की ना सिर्फ़ सीटें घटीं बल्कि वोट शेयर भी गिरकर 41 प्रतिशत रह गया। यही नहीं इस बार के चुनाव में SC-ST और OBC वोटर भी भाजपा से छिटका हुआ नज़र आया, जिसके बाद ये बताया जा सकता है कि उपचुनाव भाजपा के लिए आसान नहीं होने वाला है.

