चक्रवाती तूफान दाना ने तबाही मचाना किया शुरू
वाराणसी: चक्रवाती तूफान दाना ने तबाही मचाना प्रारम्भ कर दिया है। ओडिशा के तट पर टकराने के साथ बिहार के कई जिलों में जहां बारिश हो रही है तो वहीं उत्तर प्रदेश में भी इस चक्रवाती तूफान के कारण मौसम बदल गया है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटे से आसमान से बादल छाए हैं और नम हवाओं के कारण तापमान में कमी भी रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 अक्टूबर को प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र में मामूली बारिश हो सकती है। वहीं 27 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के दक्षिण पूर्वी के 17 जिलों में मामूली बारिश होने का अनुमान है। इनमें फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कुशीनगर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, मऊ बलिया के साथ वाराणसी और आसपास के जिले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 28 अक्टूबर को भी दक्षिणी पूर्वी हिस्से में मामूली बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
29 अक्टूबर तक बारिश के आसार
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कई जिलों में अगले 3 दिनों तक बादल छाए रहेंगे और मामूली बारिश भी इन जिलों में हो सकती है। इसके अतिरिक्त 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी कई जिलों में चल सकतीं हैं। 29 अक्टूबर तक यह क्रम चलता रहेगा। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। खासकर आसमान में छाए बादल दिन में अधिकतम तापमान को प्रभावित करेंगे और इसमें कमी आएगी।
इन जिलों में कम रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही मेरठ में 17.7, मुजफ्फरनगर में 18.6 और गाजीपुर में 19 और बरेली में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ ।इसके अतिरिक्त प्रयागराज में सबसे अधिक तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

