लखनऊ की ‘ब्रह्मोस’ यूनिट में बांधा जाएगा पर्यावरण का कवच, CM योगी के निर्देशन में होगा विकास
Chief Minister Yogi Adityanath News : सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि मित्र राष्ट्रों के साथ खड़ा होकर उनकी रक्षा में सहयोगी हिंदुस्तान पर्यावरण से भी ‘शौर्य’ की नयी गाथा लिखेगा. सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वन विभाग ने ब्रह्मोस फैसिलिटी भटगांव के 30 एकड़ में ग्रीन बेल्ट विकसित किया है. शनिवार को यहां सीएम योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी पौधरोपण किया. सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में वन-पर्यावरण की इस पहल की रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सराहना की.

मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री ने रोपा रुद्राक्ष का पौधा
एक पेड़ मां के नाम- 2.0 के अनुसार रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक-एक रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा. दोनों नेताओं ने ‘शौर्य वन’ का अवलोकन किया और यहां लगाए गए पौधरोपण की प्रशंसा की. सीएम ने इसका स्वरूप और वृहद करने का निर्देश दिया.
ब्रह्मोस फैसिलिटी भटगांव के 30 एकड़ में विकसित किया ग्रीन बेल्ट
लखनऊ के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने कहा कि यूपी के वन विभाग की तरफ से ब्रह्मोस फैसिलिटी भटगांव के 30 एकड़ में ग्रीन बेल्ट विकसित की गई है. ब्रह्मोस एरिया में शौर्य वन की स्थापना करते हुए 20 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं. जमीन मिलने पर यहां और पौधरोपण भी किया जाएगा.
‘शौर्य वन’ भी लिखेगा सेना के साहस की कहानी
पांडेय ने कहा कि ब्रह्मोस फैसिलिटी भटगांव में शौर्य वन स्थापित किया गया है. इसे शौर्य नाम देने के पीछे का उद्देश्य ब्रह्मोस और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए इंडियन आर्मी के शौर्य की कहानी को प्रदर्शित करना है.
एक नजर
ब्रह्मोस फैसिलिटी भटगांव : पौधारोपण
कुल पौधारोपण : अब तक 20 हजार
आम : लगभग 3-4 हजार पौधे
नीम : लगभग 2 से 3 हजार पौधे
आंवला : लगभग 2 से 3 हजार पौधे
मौलश्री, अमरुद, अर्जुन, शीशम- कुल लगभग 6-7 हजार पौधे
इसके अतिरिक्त चारों तरफ से बांस के पौधे लगाकर इसे नया स्वरूप और सुरक्षित किया जा रहा है. यहां की लैंड स्केपिंग काफी सुन्दर है.

