जालौन के जिलाधिकारी और एसपी ने कोंच तहसील का किया दौरा
जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और एसपी डॉ दुर्गेश कुमार ने कोंच तहसील का दौरा किया. उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील परिसर और कोतवाली का निरीक्षण किया, इस दौरान थाना दिवस में फरियादियों की शिकायतों को भी सुना.

कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डीएम ने रोगियों से वार्ता की और दवाइयों का स्टॉक चेक किया. इस दौरान सांसद निधि से खरीदी गई हेल्थ चेकअप मशीन खराब मिली, जिसे ठीक कराने के निर्देश दिए. उन्होंने एक्स-रे मशीन का किया निरीक्षण, इस दौरान उन्होंने इसकी जांच के लिए स्वयं का चैकअप कराया, जो ठीक मिली. डीएम ने पैथोलॉजी लैब और अन्य विभागों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने रोगियों को नियमित दवाएं मौजूद कराने के निर्देश दिए. साथ ही 50 बेड के नए भवन का जायजा लिया.
कोंच तहसील के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड के रखरखाव में कमियां मिलीं. वसूली की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई गई. डीएम ने खतौनी कक्ष, तहसीलदार कोर्ट और अमीन संग्रह कार्यालय का भी निरीक्षण किया.
वहीं निरीक्षण के बाद कोंच कोतवाली में आयोजित थाना दिवस में फरियादियों की शिकायतों को सुना, जिसमें कुल 39 शिकायतें आईं, इस दौरान डीएम-एसपी ने 16 शिकायतों का का मौके पर निपटारा कर दिया, साथ ही अन्य की जांच के निर्देश दिए. वही वरासत प्रमाण पत्र में देरी करने वाले लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए गए. डीएम ने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर संबंधित ऑफिसरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं बार संघ के अध्यक्ष रामशरण कुशवाहा, ओम प्रकाश कौशिक सहित अन्य अधिवक्ताओं ने तहसील की समस्याओं के बारे में डीएम को अवगत कराया, उन्होंने कहा कि तहसील में कर्मचारी न होने के कारण काम नहीं हो पा रहे हैं, साथ ही दाखिल खारिज में भी परेशानी आ रही है, जिस पर डीएम ने कर्मचारी की तैनाती और अधीनस्थों को निर्देश दिए कि दाखिल खारिज समय पर किए जाएं.
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक हेमंत पटेल, प्रभारी तहसीलदार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पवन पटेल, सीओ चिकित्सक देवेंद्र पचौरी, नायब तहसीलदार जितेंद्र पटेल, कोतवाली के प्रभारी विजय पांडेय, अपर सूचना अधिकारी पंकज तिवारी भी उपस्थित रहे.

