उत्तर प्रदेश

1 अगस्त से शुरू हो जाएगा मेमू ट्रेन का संचालन

अलीगढ़ से कानपुर के बीच का यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे ने नयी मेमू ट्रेन की सौगात दी है. यह ट्रेन अलीगढ़ से चलेगी और कानपुर सेंट्रल तक जाएगी. इस दौरान यह बीच में पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों पर भी रुकेगी और यहां से भी सवारियों को लेकर आगे बढ़ेगी.

Untitled 534

WhatsApp Group Join Now

लंबे समय से अलीगढ़ में नयी ट्रेन की मांग की जा रही थी और अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम ने भी कई बार रेलवे मंत्रालय को नयी ट्रेनों की मांग के साथ पत्र भेजा था. जिसके बाद अब रेलवे ने अलीगढ़ की मांग को पूरा किया है. यह ट्रेन अलीगढ़ से कानपुर और फिर कानपुर सेंट्रल से वापस अलीगढ़ आएगी.

सप्ताह में 6 दिन किया जाएगा संचालन

रेल ऑफिसरों ने कहा कि मेमू ट्रेन का संचालन 1 अगस्त 2024 से प्रारम्भ कर दिया जाएगा और यह 31 जनवरी 2025 तक लगातार जारी रहेगी. मेमू फास्ट ट्रेन का संचालन हफ्ते में 6 दिन किया जाएगा और रविवार को ट्रेन का संचालन नहीं किया जाएगा.

अलीगढ़ से ट्रेन प्रत्येक दिन दोपहर 13:40 मिनट पर छूटेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए शाम को 19:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. वहीं यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 7:15 बजे छूटेगी और दोपहर 12:40 बजे अलीगढ़ जंक्शन पर पहुंचेगी.

कानपुर-अलीगढ़ के बीच 10 स्टेशनों पर रुकेगी

मेमू फास्ट ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन और कानपुर सेंट्रल के बीच कुल 10 स्टेशनों पर रुकेगी और यहां से सवारियां ट्रेन में सवार हो सकेंगी. यह ट्रेन कानपुर के बाद पनकी धाम, रूरा, झींझक, फफूंद, इटावा, भरथना, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला, हाथरस होते हुए अलीगढ़ पहुंचेगी. ट्रेन नंबर 04190 फास्ट मेमू अलीगढ़ आने के बाद एक घंटा रुकेगी और दुबारा कानपुर सेंट्रल के लिए रवाना हो जाएगी.

गोमती एक्सप्रेस का यात्री भार होगा कम

वर्तमान में कानपुर से अलीगढ़ के बीच गोमती एक्सप्रेस एकलौती ट्रेन है, जो इन सभी स्टेशनों पर रुकती है. इसके अतिरिक्त कोई भी ट्रेन ऐसी नहीं है, जो कानपुर और अलीगढ़ के बीच इन स्टेशनों पर रुकती हैं. केवल लखनऊ से चलकर नयी दिल्ली तक जाने वाली गोमती एक्सप्रेस ही इन स्टेशनों पर रुकते हुए आगे बढ़ती है. इसलिए गोमती में यात्रियों की संख्या काफी अधिक हो जाती है. मेमू के चलने से गोमती का यात्री भार भी कम होगा.

आगरा-गाजियाबाद के लिए भी ट्रेन की मांग

कानपुर की मेमू ट्रेन के साथ ही अलीगढ़ में लंबे समय से आगरा और गाजियाबाद के लिए भी ट्रेन की मांग की जा रही है. क्योंकि वर्तमान में अलीगढ़ से आगरा जाने के लिए रेल का कोई भी साधन नहीं है. वर्तमान में कोई भी ट्रेन अलीगढ़ से आगरा नहीं जाती है और लोगों को बस का सहारा लेना पड़ता है. वहीं गाजियाबाद के लिए भी ट्रेनें काफी कम हैं. इसलिए लगातार इन स्टेशनों के लिए भी ट्रेन की मांग हो रही है.

Back to top button