Moradabad: बिजली के तार लूटने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश
गंगानगर क्षेत्र के गार्डन सिटी कॉलोनी में 10 अप्रैल को गार्ड को बंधक बनाकर लुटेरों ने ट्रांसफार्मर और बिजली तार लूट लिए थे। इसी रैकेट ने गंगानगर, रोहटा, भावनपुर समेत वेस्ट उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसी तरह की वारदात की थी। खुलासे के लिए मेरठ सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

आरोपियों की लोकेशन रात को मेरठ सर्विलांस टीम को सहारनपुर के बेहट थानाक्षेत्र के गांव खूर्मपुर में मिली। मेरठ एसएसपी डाक्टर विपिन ताडा ने सीओ सदर देहात के निर्देशन में गंगानगर, भावनपुर और इंचौली थानों से कुछ पुलिसवालों की एक टीम बनाई और इन्हें सहारनपुर में दबिश के लिए भेजा। पुलिस टीम ने देर रात खूर्मपुर स्थित उप-विद्युत केंद्र के पास दबिश दी और यहां वारदात करने की फिराक में बैठे दो लुटेरों को दबोच लिया। दो आरोपी निकल भागे। इन्हें कुछ ग्रामीणों ने अलसुबह संदिग्ध जानकर पूछताछ की और इसके बाद दबोच लिया। आरोपियों को पिटाई के बाद थाना पुलिस के हवाले किया। सहारनपुर के एसपी देहात सागर जैन ने कहा कि मेरठ में हुई वारदात में पकड़े गए लुटेरे शामिल थे। इनकी तलाश में मेरठ पुलिस आई थी।
उप विद्युत केंद्र पर पहले भी कई बार हो चुकी है वारदात
आधी रात अचानक उप विद्युत केंद्र परिसर में घुसे लुटेरों और पुलिस की आहट से वहां तैनात कर्मचारी सहम गए। कर्मचारियों ने समझा कि लुटेरे ट्रांसफार्मर आदि चुराने आए हैं क्योंकि, यहां पहले भी कर्मचारियों को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर से दो बार चोरी हो चुकी है।

