गिरफ्तार किया गया ऑनलाइन सट्टा गैंग
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के रामजानकी नगर क्षेत्र में गैरकानूनी औनलाइन सट्टा चला रहे एक अंतरराज्यीय गैंग के आठ जालसाजों को रविवार को पुलिस ने अरैस्ट किया. बिहार और देवरिया के जालसाजों का यह गैंग न केवल गैरकानूनी ढंग से लोगों को सट्टा खेलवाता था बल्कि म्यूल बैंक खातों से गेमिंग के पैसे की जमा-निकासी करता था. एक दिन में यह रैकेट दस लाख रुपये से अधिक की जालसाजी करता था. गैंग का मुखिया फरार है. यह खेल पिछले सात महीने से चल रहा था.

रेडी अन्ना नामक गैरकानूनी औनलाइन गेमिंग पोर्टल की फ्रेंचाइजी लेकर रैकेट ने गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के रामजानकी नगर में अपना अड्डा बनाया था. गेम खेलने के लिए जालसाज युवकों को झांसे में लेते थे. म्यूल खातों के माध्यम से प्रतिदिन पैसे की निकासी कर रेडी अन्ना तक पहुंचाते थे. इसके बदले उन्हें भी अच्छा-खासा कमीशन मिलता था. सूचना पर शाहपुर इंस्पेक्टर नीरज राय और उनकी टीम ने साइबर टीम के साथ मिलकर छापा मारा. पकड़े गए आरोपितों में छह देवरिया और दो बिहार के सिवान जिले के रहने वाले हैं. देवरिया का ही रहने वाला गैंग का मुखिया फरार कहा जा रहा है.
छह महीने से चल रहा था ठगी का खेल
शाहपुर थाना क्षेत्र के रामजानकी नगर क्षेत्र में गैरकानूनी औनलाइन सट्टा चला रहे आठ जालसाजों को रविवार को पुलिस ने अरैस्ट किया. जालसाजों ने इससे कितने लोगों को शिकार बनाया है, पुलिस टीम अभी इसकी जांच कर रही है. बैंक खाते से अब तक कितने का लेनेदन किया गया है, यह नहीं पता चल पाया है. इसका मिलान जारी है. एक मोटे अनुमान के तौर पर प्रतिदिन 10-12 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन होता था और पिछले छह महीने से यह यह धंधा चल रहा था. इसमें इनका एक कम्पयूटर एक्सपर्ट था, जो गेम पर नज़र रखता था. वहीं एक आदमी हिसाब-किताब रखता और खाते खुलवाता था. इन लोगों ने इस काम के लिए कई कर्मी भी रखे थे. खुलवाए गए खाते के एटीएम कार्ड से दिन-रात केवल पैसा निकालते थे और ट्रांसफर करते थे.
इनकी हुई गिरफ्तारी
जालसाजों की पहचान रोहित प्रसाद पुत्र मदन प्रसाद, गुड्डू शर्मा पुत्र अनिरुद्ध शर्मा, रंजेश यादव पुत्र नंदलाल यादव, निवासी प्रतापुर रामपुर, थाना श्रीरामपुर, जनपद देवरिया, अमित शर्मा पुत्र रंगलाल शर्मा, अभय कुमार यादव पुत्र मुन्नी लाल यादव निवासी ठाकुरपुर छपरा बुजुर्ग, थाना श्रीरामपुर, देवरिया, संजीत कुमार खरवार पुत्र श्रीगंभीरा खरवार निवासी बैकुंठपुर प्रतापपुर, थाना श्रीरामपुर, देवरिया और चन्दन कुशवाहा पुत्र स्व। विजय मल्ल भगत निवासी बेलाव, थाना दरौल्ली, जनपद सिवान, प्रिंस कुमार पुत्र स्वर्गीय न्यायालय सिंह निवासी सिसवा खुर्द, थाना मैरवा, जनपद सिवान, बिहार के रूप में हुई.

