प्रदेशव्यापी आंदोलन करने वाला है माध्यमिक शिक्षक संघ
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक जय नारायण इंटर कॉलेज के बैठक भवन में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने की.

बैठक में मौजूद शिक्षक
बैठक में यह फैसला लिया गया कि यदि नवंबर माह में शिक्षा निदेशक द्वारा सेवा सुरक्षा सम्बन्धी धारा 21, पदोन्नति सम्बन्धी धारा 12, प्रधानाचार्यों की तदर्थ पदोन्नति सम्बन्धी धारा 18 की बहाली, तदर्थ शिक्षकों का वेतन भुगतान एवं विनियमितीकरण तथा मुफ़्त चिकित्सा सुविधा सम्बन्धी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो दिसंबर के तीसरे हफ्ते में शिक्षक शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय पर धरना देंगे.
बैठक में शिक्षक शामिल हुए
धरने में पुरानी पेंशन की बहाली भी एक मुख्य मामला रखा जाएगा. बैठक का संचालन महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा ने किया.प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डाक्टर आरपी मिश्र ने बैठक में कहा कि जनवरी के पहले हफ्ते में आगरा में राज्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. मुख्य मेहमान तय होने के बाद सम्मेलन की तिथि घोषित की जाएगी.
बैठक में मंच पर बैठे पदाधिकारी
संगठन के संघर्ष कार्यक्रमों के दौरान 25 जुलाई को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर धरना, 9 अगस्त को जिला मुख्यालयों में मोटरसाइकिल रैली और 24 सितंबर से 9 अक्टूबर तक मंडल स्तर पर धरना/प्रदर्शन किया गया. इन कार्यक्रमों में पुरानी पेंशन की बहाली, मुफ़्त चिकित्सा सुविधा, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण और पूर्ण वेतन भुगतान जैसी 24 सूत्रीय मांगों को सीएम तक पहुँचाया गया.
बैठक में प्रमुख रूप से अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, ध्रुव कुमार त्रिपाठी एमएलसी एवं नेता शिक्षक दल, जगवीर किशोर जैन (पूर्व एमएलसी), महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, डाक्टर प्रमोद कुमार मिश्र, इंद्रासन सिंह, संरक्षक महेश चंद्र शर्मा और अन्य राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे.

