UP: सीतापुर में दर्दनाक हादसा, नाला पार करते वक्त पलटा ट्रैक्टर
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शनिवार को हुए एक हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु हो गई। बच्चों की मृत्यु से परिवार में मातम पसर गया। कहा जा रहा है कि दुर्घटना उस समय हुआ जब गन्ने की बोआई कर एक ट्रैक्टर नाला पार कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पर आठ बच्चे बैठे हुए थे। ट्रैक्टर के पलटने से बच्चे और ट्रैक्टर चालक नीचे दब गए। जिससे तीन बच्चों की मृत्यु हो गई, जबकि चालक समेत पांच बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां ले जाया गया। जहां चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। कहा जा रहा है कि सभी बच्चे गन्ना बोने वाला हल के ऊपर बैठे हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, सदरपुर के पहाड़ापुर में रहने वाले आराम शनिवार सुबह खेत में गन्ना की बोआई करने गए थे। वह अपने साथ गांव के बच्चों को भी साथ लेकर गए थे। गन्ने की बोआई करने के बाद दोपहर बाद वह घर लौट रहे थे। तभी गांव के पूरब दिशा में बनी पुलिया के पास ट्रैक्टर नाले में पलट गया। जिससे ड्राइवर और सभी बच्चे ट्रैक्टर और हल के नीचे दब गए।
तीन बच्चों की मौके पर मौत
इस हादसे में पहाड़ापुर के अंबरीश (10) पुत्र दुलारे, छोटू (12) पुत्र संजय, अमन (08) संकटा की मौके पर मृत्यु हो गई। जबकि चालक आराम (65) पुत्र जियालाल, नितिन (11) पुत्र राम दुलारे, आशुतोष (14) चंद्रिका, अविनाश (10) पुत्र चंद्रिका, प्रदीप (08) पुत्र छत्रपाल और रामपुरकलां के शिवा (10) पुत्र शत्रोहन घायल हो गए। ट्रैक्टर के पलटने के बाद वहां उपस्थित लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बमुश्किल लोगों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक तीन बच्चों ने दम तोड़ दिया।सदरपुर थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश कुमार और मनोज कुमार ने कहा कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मुकेश कुमार के मुताबिक, हादसा में तीन बच्चों की मृत्यु हो गई। जबकि चालक और पांच बच्चे घायल हुए हैं। वहीं चालक को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है

