अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड 23 अप्रैल को परिवार के साथ आयेंगे आगरा
JD Vance in Agra. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (जेडी) वेंस 23 अप्रैल को अपने परिवार के साथ आगरा आएंगे। इस दौरान वे दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में शुमार ताजमहल का दीदार करेंगे और शाहजहां-मुमताज की प्रेमगाथा से रूबरू होंगे। वेंस स्पेशल विमान से आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगे। यहां से वे अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए बनी बख्तरबंद कार ‘द बीस्ट’ में सवार होकर होटल आईटीसी मुगल जाएंगे। उनके काफिले में शामिल स्पेशल कारें तीन विमानों के जरिए पहले ही आगरा पहुंच चुकी हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। वेंस इससे पहले जयपुर के मशहूर हवा महल देखेंगे और वहां से सुबह 9:30 बजे आगरा पहुंचेंगे।
पर्यटकों के लिए रोक
अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस की सुरक्षा के मद्देनजर 23 अप्रैल को सुबह से दोपहर 12 बजे तक ताजमहल बंद रहेगा। इस दौरान किसी पर्यटक को एंट्री नहीं दी जाएगी और टिकट की बिक्री भी रोक दी जाएगी। खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पर अमेरिकी मेहमान का पारंपरिक मयूर नृत्य के जरिए स्वागत किया जाएगा। वहां से उनका काफिला शिल्पग्राम होते हुए ताजमहल पहुंचेगा।
2.45 घंटे का आगरा दौरा
जेडी वेंस आगरा में लगभग 2 घंटे 45 मिनट रुकेंगे। वे सुबह 9:15 बजे आगरा पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे रवाना हो जाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ उनके स्वागत के लिए आधे घंटे पहले पहुंचेंगे और उनके जाने के करीब 25 मिनट बाद लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वेंस जब ताजमहल का भ्रमण करेंगे, उस दौरान सीएम योगी एयरफोर्स स्टेशन के वीआईपी लाउंज में उनके लौटने का प्रतीक्षा करेंगे। सुरक्षा कारणों से लाउंज में रुकने की सिर्फ़ चुनिंदा लोगों को ही अनुमति मिलेगी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति का विमान वायुसेना स्टेशन पर उतरेगा, जबकि मुख्यमंत्री योगी सिविल टर्मिनल से वहां पहुंचेंगे।

