लोकसभा चुनाव: यूपी में तेजी से बढ़ रहा है ‘नोटा’ का प्रयोग
चुनाव के लिए ईवीएम में दर्ज उम्मीदवारों में से कोई भी पसंद नहीं का नाम है ‘नोटा’ अर्थात उपरोक्त में से कोई भी नहीं (नन ऑफ द एबव) का बटन उत्तर प्रदेश में अन्य राज्यों के मतदाताओं से कहीं अधिक दबाया जा रहा है. साल 2014 के लोकसभा चुनाव में इसे पहली बार ईवीएम में शामिल किया गया और अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने इसका प्रयोग किया. 2019 के संसदीय चुनाव में इसमें और बढ़ोत्तरी दर्ज किया गया. कई निर्वाचन क्षेत्रों में हार-जीत के अन्तर पर भी नोटा का असर देखा गया है. बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा नोटा का प्रयोग किये जाने से कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों को नोटा के अनुसार पड़े कुल वोटों से कम वोट हासिल हो पा रहे हैं.

आंकड़े बताते हैं कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कुल मतदाता 13,88,10,557 थे, जिनमें से 5 लाख 92 हजार 331 मतदाताओं ने ‘नोटा का इस्तेमाल किया था जो प्रदेश के कुल मतदाता का 0.71 फीसदी था. इसके बाद 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कुल वोटर 14 करोड़ 61 लाख 34 हजार 603 में से 7 लाख 25 हजार 97 वोटरों ने ‘नोटा’ दबाया जो कुल मतदाता का 0.84 प्रतिशत था.
गौर करने वाली बात यह है कि बिहार, हरियाणा, दिल्ली को छोड़ दें तो अन्य पड़ोसी राज्य राजस्थान और उत्तराखण्ड में ‘नोटा’ का प्रयोग ठीक पहले हुए लोकसभा चुनाव से घट गया है. उत्तर प्रदेश में भी कुछ ऐसे संसदीय निर्वाचन क्षेत्र हैं, जहां अन्य चुनाव क्षेत्र से अधिक नोटा का प्रयोग किया है. इनमें रॉबर्ट्सगंज, बांदा, कौशाम्बी, श्रावस्ती तथा बांसगांव के नाम शीर्ष पांच में शामिल हैं. वहीं नोटा का सबसे कम प्रयोग वाले संसदीय क्षेत्रों में मथुरा, अमेठी, कानपुर, जौनपुर, गौतमबुद्धनगर, बदायूं, आजमगढ़, बिजनौर तथा कैराना लोकसभा क्षेत्र का नाम है.
यूपी और पड़ोसी राज्यों में नोटा के प्रयोग की स्थिति
राज्य 2014 (% में) 2019 (% में)
उत्तर प्रदेश 0.73 0.84
राजस्थान 1.21 1.01
उत्तराखण्ड 1.09 1.05
बिहार 1.62 2.00
हरियाणा 0.30 0.33
दिल्ली 0.48 0.53
यूपी में नोटा का सर्वाधिक इस्तेमाल वाले संसदीय क्षेत्र
संसदीय क्षेत्र 2014(% में) 2019(% में)
राबर्ट्सगंज 2.09 2.14
कौशाम्बी 1.67 1.51
बांदा 1.61 1.86
श्रावस्ती 1.49 1.72
देवरिया 1.28 1.32
यूपी में 2014 के संसदीय चुनाव में नोटा का सबसे कम प्रयोग वाला निर्वाचन क्षेत्र
मथुरा 0.18
अमेठी 0.20
कानपुर 0.27
जौनपुर 0.26
कैराना 0.35
यूपी में 2019 के संसदीय चुनाव में नोटा का सबसे कम इस्तेमाल वाला निर्वाचन क्षेत्र
बिजनौर 0.40
गौतमबुद्धनगर 0.60
बदायूं 0.80
आजमगढ़ 0.70

