बरेली में बारिश के बाद जगह-जगह हुआ जलभराव
बरेली में रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव हो गया. कई स्थानों पर तो बाढ़ जैसे हालात हो गए. बरेली रामपुर हाईवे पर 3 फुट तक पानी भर गया. हाईवे पर दूल्हा मियां की मजार के पास स्थित चौकी सराय पर भी पानी भर गया.

वहीं रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मृत्यु हो गई, तो तेज आंधी बारिश से जगह-जगह पेड़ गिर गए. हाईवे पर पानी भरने और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा. कई जगहों पर वाहनों में पानी भर गया, जिस वजह से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं.
नेशनल हाईवे पर भी जलभराव से जाम हाईवे पर पानी भरने से वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला. इसके अतिरिक्त सबसे अधिक कठिनाई सुभाषनगर वासियों को झेलनी पड़ रही है. यहां हर बार की तरह इस बार भी सुभाषनगर पुलिया पानी में डूब गई. करीब 3 फिट तक पानी भर गया. जिस वजह से सुभाषनगर वासियों को निकलने में काफी कठिनाई हो रही है. सबसे अधिक कठिनाई ऑफिस जाने वालों को हो रही है. घुटनों तक पानी भरा होने से लोग काफी परेशान हैं और नेताओं को कोस रहे हैं. क्योंकि आजादी के बाद से आज तक यहां की परेशानी जस की तस बनी हुई है. हर बार चुनाव के समय नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और जीतने के बाद कभी शक्ल नहीं दिखाते हैं.

