एक बुजुर्ग पिता के आत्महत्या करने पर उनके दो पुत्रों ने भी दी जान
थाना मैलानी की बांकेगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 11 के बाबूपुर गांव में 60 वर्षीय रामनरेश ने बुधवार रात घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी थी. इस घटना में मृतक के दोनों पुत्रों मुकेश और सुधीर ने डायल 112 लखनऊ में तैनात सिपाही आरती निगम और उसके परिजनों पर घर खाली करने का दबाव बनाने और खुदकुशी के लिए उकसाने का इल्जाम लगाया था. जिस पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को सिपाही आरती समेत उसकी मां रामदेवी, बहन शशिबाला और भाई शिवम के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया था.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रामनरेश का छोटा पुत्र सुधीर (25 ) शौच जाने के लिए घर से बाहर निकला और गांव के बाहर निकली रेल पटरी पर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली. इसकी जानकारी जब बड़े पुत्र मुकेश (28) को मिली तो उसने भी घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी.
परिवार में अब कोई नहीं बचा
दो दिन में पिता और दो पुत्रों के खुदकुशी कर लेने से गांव में मातम का माहौल है. अब मृतकों के परिवार में कोई नहीं बचा है. घटना की सूचना पाकर पहले एसडीएम गोला विनोद कुमार गुप्ता और सीओ गवेंद्र गौतम ने मौका मुआयना किया. उसके बाद एएसपी पश्चिमी नैपाल सिंह और फिर एसपी गणेश प्रसाद साहा भी गांव पहुंचे और जानकारी ली.


