2 ओलंपिक मेडल जीतने वाला यह खिलाड़ी दिखा चुका है एक्टिंग में भी हुनर
पेरिस ओलंपिक्स में मर्दों की 1500 मीटर फ्रीस्टायल स्विमिंग में डेनियल विफेन ने कांस्य पदक जीता है. इससे पहले उन्होंने 800 मीटर कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. आपको बता दें कि खेलों के महाकुंभ में अपनी परफॉरमेंस से सबको दंग करने वाले डेनियल हॉलीवुड में अपनी अभिनय का हुनर भी दिखा चुके हैं. आयरलैंड के डेनियल विफेन मशहूर टीवी शो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में भी नजर आए थे.

बीते मंगलवार को टीम आयरलैंड के इस स्टार ने 7 मिनट 38.19 सेकंड में 800 मीटर फ्रीस्टायल तैराकी पूरी करते हुए ओलंपिक इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया था. इसके साथ ही वह ओलंपिक स्विमिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले आइरिश एथलीट भी बन गए थे. 23 वर्ष का यह एथलीट इस ओलंपिक में कुल मिलाकर 2 मेडल अपने नाम कर चुका है. लेकिन ओलंपिक फैंस को यह बात अब पता चल रही है कि डेनियल विफेन पहली बार लाइमलाइट में नहीं आए हैं.
जुड़वां भाई और बहन ने भी की एक्टिंग!
गेम ऑफ थ्रोन्स में डेनियल अपने आइडेंटिकल ट्विन (एक जैसे दिखने वाले जुड़वां भाई) के साथ दिखे थे. दोनों रोंगटे खड़े कर देने वाले और आइकॉनिक सीन रेड वेडिंग में नजर आए थे. इस शो में काम करने का मौका मिलने को लेकर डेनियल विफेन कहते हैं कि जब मैं छोटा था तब मैं गेम ऑफ थ्रोन्स के बारे में कुछ नहीं जानता था. मेरे माता-पिता मुझे ये शो देखने नहीं देते थे. बता दें कि डेनियल और उनके भाई के रोल छोटे थे लेकिन उनकी बहन को काफी अहम रोल मिला था.
नेटफ्लिक्स की सीरीज में भी किया काम
इसके बाद डेनियल और नेथन नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द फ्रैंकंस्टाइन क्रॉनिकल्स’ में नजर आए. दोनों ने कुछ ब्रिटिश चिल्ड्रेन शोज में भी काम किया है. गौरतलब है कि डेनियल विफेन आयरलैंड के ऐसे पहले एथलीट बन गए हैं जिसने एक ही ओलंपिक खेलों में दो मेडल अपने नाम किए हों. डेनियल के प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड के खाते में अब तक आए कुल मेडल्स की संख्या 6 हो गई है. इससे पहले केवल लंदन ओलंपिक्स 2012 में ही आयरलैंड इतने मेडल्स जीत पाया था

