चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी ने हासिल किए 92 % अंक
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानि सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिज़ल्ट आज घोषित कर दिया है। इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में कुल 93.6 फीसदी विद्यार्थी पास हुए जबकि सीबीएसई 12वीं में कुल 87.98% विद्यार्थी पास हुए। इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं दोनों ही कक्षाओं में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा है। जिन विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड 10वीं या सीबीएसई बोर्ड 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2024 दी है, वे अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।

बात यदि पौड़ी गढ़वाल की करें तो इसस बार भी पौड़ी गढ़वाल के विद्यार्थियों का सीबीएसई बोर्ड की परिणाम में जलवा बरकरार रहा। शहर के बीआर मॉडर्न विद्यालय में 10वीं और इंटरमीडिएट परिणाम आने के बाद से खुशी का माहौल है। 12 वीं कक्षा में जहां जयेश कुकरेती ने 96 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है वहीं 10 वीं में मानसी पेंट ने 96.6 फीसदी अंकों के साथ विद्यालय में पहले जगह पर रही। इसके साथ ही विद्यालय की विशेष रावत ने 94.01 प्रतिशत, और किरन रावत ने 92.8 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
किरण रावत ने हासिल किए 92 प्रतिशत अंक
स्कूल टॉप करने वाले इन विद्यार्थियों में भले ही किरन रावत पहले जगह पर न आ पाई हो, लेकिन किरन रावत का परिश्रम, मेहनत सबको प्रेरित कर रहा है। किरन रावत ने विषम आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों के बीच स्वयं को 90 फीसदी से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की श्रेणी में शामिल किया है।
4 किमी पैदल चलकर आती थी स्कूल
दरअसल किरन रावत एक गरीब परिवार से आने वाली छात्रा है। उसके पिता बीआर मार्डन विद्यालय में ही चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं। विद्यालय के प्रिंसिपल दामोदर प्रसाद मंमगाई बताते हैं कि किरन रावत प्रारम्भ से ही मेधावी छात्रा रही है। पढ़ाई को लेकर किरन के अंदर एक अलग सा जुनून दिखता है, जिसके बूते ही किरन बेहतर प्रदर्शन कर पाई।
ऐसे किया समय का उपयोग
किरन रावत कहती हैं कि विद्यालय से उनका गांव 4 किमी दूर है, वह विद्यालय पैदल ही आती थी, बताती हैं कि 4 किमी आना ओर चार किमी जाने के बीच समय खराब न हो इसके लिए वह विद्यालय आते समय जो होमवर्क मिला रहता था उसकी तैयारी और क्लास में पढ़ाए जाने वाले टॉपिक को याद करते हुए विद्यालय पहुंचती थी, वहीं वापस घर लौटते समय जो भी दिनभर पढ़ाया गया उसे रिविजन करती हुई आती थी। इससे उन्हें काफी सहायता मिली।
एकाग्र होकर परिश्रम करें तो कामयाबी निश्चित
विद्यालय के एक अन्य विद्यार्थी विशेष रावत ने भी कड़ी मेहनत कर परीक्षा में कामयाबी हासिल की है विशेष रावत के पिता विद्यालय में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात हैं। विशेष ने भी 94.01 अंक प्राप्त कर अपना और परिजनों का मान बढ़ाया है। विशेष ने कहा कि यदि एकाग्र होकर परिश्रम किया जाए तो कामयाबी प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने आपस में मिठाइयां बांट खुशी का इजहार किया

