इन दो दिनों में न करें मसूरी ट्रिप का प्लान
इन दिनों उत्तर प्रदेश, दिल्ली- एनसीआर जैसी जगहों से लोग देहरादून की ओर घूमने के लिए आ रहे हैं. गर्मियों की छुट्टियों में ही “पहाड़ों की रानी” मसूरी में पर्यटक खासकर घूमने आते हैं लेकिन इस बार छुट्टियों से पहले ही मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से मसूरी में सैलानियों की संख्या बढ़ रही है. मसूरी के कैंपटी फॉल, कंपनी गार्डन और भट्टा फॉल आदि टूरिस्ट स्पॉट पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहें हैं.

अगर आप भी उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मसूरी को एक्सप्लोर करने के लिए प्लानिंग कर रहे हैं तो थोड़ा ठहर जाइए क्योंकि यहां आपको कठिनाई हो सकती है. दरअसल, वीकेंड्स पर यानी शनिवार और रविवार को मसूरी का रुख यदि आप कर रहे हैं तो मसूरी रोड पर गाड़ी चलते नहीं हैं बल्कि रेंगते हैं और जो लोग यहां घूमने आते हैं उन लोगों का समय घूमने से अधिक जाम में फंसकर निकल जाता है.
जाम में घंटों समय हुआ बर्बाद
मसूरी घूमने आए टूरिस्ट शादाब जैदी बताते हैं कि एनसीआर दिल्ली के रहने वाले हैं जो अपने परिवार के साथ मसूरी घूमने आए हैं. गर्मी से परेशान वे लोग हिल स्टेशन की सैर करना चाहते थे इसीलिए उन्होंने वीकेंड्स पर ट्रिप प्लान किया था. उन्हें मसूरी का मौसम बहुत अच्छा लगा, यहां की ठंडी हवाएं और हरियाली से स्ट्रेस दूर हुआ लेकिन वहीं भारी जाम के कारण घंटों समय बर्बाद भी हुआ | उन्होंने कहा कि गाड़ी बहुत ही धीरे-धीरे चल रही थी और कोई अन्य रास्ता भी नहीं था. जैसे- तैसे पहाड़ों से गुजरते हुए मसूरी पहुंचे भी तो लाइब्रेरी चौक पहुंचे वहां भी बहुत जाम था.
यातायात नियमों का पालन करें लोग
शादाब जैदी बताते हैं कि लोग बुरी तरह से यातायात नियमों को तोड़कर गाड़ियां चल रहे थे जिसके चलते अन्य लोगों को भी परेशानी हो रही थी. लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए ताकि वह दूसरों के लिए भी कठिन ना खड़ी करें. उन्होंने बोला कि हम केवल दो ही टूरिस्ट प्लेस घूम पाए जबकि हम मसूरी की कई जगहों में घूमना चाहते थे. उनका अधिक समय ट्रैफिक जाम के कारण ही खराब रहा.
ये है पुलिस का प्लान
शहर कोतवाल अरविंद चौधरी ने जानकारी देते हुए बोला कि इन दिनों बढ़ती गर्मी के चलते सैलानी बड़ी तादाद में मसूरी पहुंच रहे हैं, हर चौक- चौराहे पर पुलिस जवान की तैनाती की गई है ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके. शनिवार- रविवार के दिन अधिक जगहों पर इन जवानों को तैनात किया जाता है जिससे टूरिस्ट को कोई परेशानी न हो.

