Uttarakhand Accident: मजदूरों से भरी पिकअप नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी
खेताें में मटर तोड़ने जा रहे श्रमिकों से भरी पिकअप नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी पलटने से उसमें बैठे श्रमिकों में चीख पुकार मच गई। आनन फानन में घायल 18 लोगों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हादसे की वजह ओवरलोडिंग बताया जा रहा है।

मंगलवार सुबह गदरपुर के सुखशांतिनगर, नंदपुर, इस्लामनगर और कैशोगढ़ काॅलोनी में रहने वाले 35 मजदूर पिकअप में बैठकर मटर तोड़ने के लिए पंतनगर जा रहे थे। इनमें अधिकांश महिलाएं और लड़कियां थीं। नेशनल हाईवे पर महतोष मोड़ क्षेत्र में भाखड़ा पुल के पास तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में पिकप पर बैठे कईं मजदूर छिटककर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। श्रमिकों की चीखपुकार सुनकर राहगीरों के साथ ही ग्रामीण भी सहायता के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को 108 एंबुलेंस और वाहनों से जिला हॉस्पिटल पहुंचाया।
घायलों में लीलावती (45), सोनम (14), पूर्णिमा (12), अन्नू (12) निवासी नंदपुर, हिमानी (15) निवासी आनंदपुर, रितु (18), शमारू (60), चांदमुनि (60), मनमोधी, सीताराम निवासी केशवगढ़, फरजाना, जैनब, बानो निवासी इस्लामनगर और सुशीला निवासी खेमपुर शामिल हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राम (45), लालवती (40), मुनिता (42) का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में घायल काजल (09) निवासी नंदपुर के सिर पर गंभीर चोटें होने की वजह से उसका हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। एसपी सिटी मनोज सिटी ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो चीजें सामने आएंगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

